साइक्लोन ‘दाना’ आज रात ओडिशा से टकराएगा : 300 उड़ानें, 552 ट्रेनें रद्द;

ओडिशा व पश्चिम बंगाल के तट पर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के गंभीर प्रभाव की आशंका है। ऐसे में भारतीय नौसेना मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान चलाने की तैयारी कर चुकी है। पूर्वी नौसेना कमान ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में नौसेना के प्रभारी अधिकारियों के साथ समन्वय में यह आपदा प्रतिक्रिया तंत्र सक्रिय किया है। समुद्र से भी राहत प्रयासों के लिए, पूर्वी बेड़े के दो जहाज आपूर्ति, बचाव और गोताखोर टीमों के साथ तैनात किए गए हैं। भारतीय नौसेना स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रही है और हाई अलर्ट पर है।भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि दाना तूफान गुरुवार की मध्य रात्रि से शुक्रवार की सुबह तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पुरी और सागर द्वीप के बीच, भीतरकनिका और धामरा (ओडिशा) के पास, उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को पार करेगा। इस समय हवा की गति 100-110 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 120 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर समन्वित बचाव और राहत कार्यों में सहायता के लिए बाढ़ राहत और गोताखोर टीमें जुटाई जा रही हैं। चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के 24 व 25 अक्टूबर के बीच पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों से टकराने की आशंका है। तूफान की आशंका को देखते हुए भारतीय वायु सेना व तटरक्षक बल (आईसीजी) ने भी इस क्षेत्र में कई एहतियाती उपाय किए हैं। समुद्र में जान-माल की सुरक्षा के लिए ये उपाय किए गए हैं।