वक्फ संशोधन विधेयक को संयुक्त संसदीय समिति ने दी मंजूरी

संयुक्त संसदीय समिति ने सोमवार को वक्फ संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। जेपीसी ने बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए सदस्यों द्वारा प्रस्तावित सभी संशोधनों को स्वीकार कर लिया। जबकि विपक्षी सदस्यों द्वारा पेश किए गए हर बदलाव को अस्वीकर किया। विपक्षी सांसदों ने इस पर आपत्ति जताई है। जेपीसी की बैठक के बाद सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि बैठक में 44 संशोधनों पर चर्चा हुई। 6 महीने के दौरान विस्तृत चर्चा के बाद, हमने सभी सदस्यों से संशोधन मांगे। यह हमारी अंतिम बैठक थी। इसलिए बहुमत के आधार पर समिति द्वारा 14 संशोधनों को स्वीकार कर लिया गया है। विपक्ष ने भी संशोधन के लिए सुझाव दिए थे। हमने उनमें से प्रत्येक संशोधन को आगे बढ़ाया और इसे वोट के लिए रखा गया, लेकिन उनके (सुझाए गए संशोधनों) के समर्थन में 10 वोट पड़े और विरोध में 16 वोट पड़े। JPC की बैठक के बाद TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि आज उन्होंने वही किया जो उन्होंने तय किया था। उन्होंने हमें बोलने नहीं दिया। किसी भी नियम या प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। शुरू में हमने दस्तावेज और टिप्पणियां मांगी थीं। वे सभी चीजें हमें नहीं दी गईं। उन्होंने खंड दर खंड चर्चा शुरू कर दी।



