मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी तेज: चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

भोपाल: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद, मध्य प्रदेश में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की तैयारी शुरू हो गई है। इसी संबंध में, आज भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की।
बैठक में, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की जानकारी दी और इससे संबंधित संवैधानिक प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने यह भी बताया कि मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1200 प्रति मतदान केंद्र होने के कारण करीब 8 हजार से अधिक नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।
आयोग ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक जिले में अपने अध्यक्ष या संयोजक का नाम और संपर्क जानकारी देने के लिए कहा है। साथ ही, दलों को नए फॉर्मेट के अनुसार प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए BLA-2 नियुक्त करने और उनकी जानकारी सॉफ्ट और हार्ड कॉपी में उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में इन BLA-2 की आगामी पुनरीक्षण कार्यों में सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बसपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।


