मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ताइवान को मध्यप्रदेश में निवेश का आमंत्रण दिया

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को ताइवान व्यापार विकास परिषद और ताइवान आर्थिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने कहा कि ताइवान की निर्माण तकनीक और मध्यप्रदेश की विशाल औद्योगिक क्षमता मिलकर नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर सकती हैं।
उन्होंने जोर दिया कि सेमीकंडक्टर, पीसीबी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्र दोनों के बीच सहयोग के नए केंद्र बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ताइवानी निवेशकों को आकर्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें प्लग-एंड-प्ले अवसंरचना तथा नीतिगत समर्थन प्रदान करेगी।
बैठक में प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह भी मौजूद थे। ताइवान के प्रतिनिधिमंडल में ताइवान विकास परिषद के डायरेक्टर जनरल श्री चुन यू चांग सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप मध्यप्रदेश एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में ताइवान के साथ साझेदारी को आगे बढ़ा रहा है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर ने ताइवान के विश्वविद्यालयों के साथ एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे शिक्षा, अनुसंधान, और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, प्रचुर संसाधनों और उद्योग-अनुकूल नीतियों के कारण ताइवानी निवेशकों के लिए एक आदर्श गंतव्य है।


