गोबर से स्वदेशी दीये बनाने के नवाचार से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रभावित, की सराहना

इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर प्रवास के दौरान नेहरू पार्क में राष्ट्रीय स्वच्छता दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने इंदौर में नवाचार के तहत गोबर से स्वदेशी दीये बनाने वाली मशीन को देखा। मुख्यमंत्री ने दीये बनाने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने की इस अभिनव पहल की प्रशंसा की।
यह पहल सेवा पखवाड़े के अंतर्गत ‘स्वदेशी से खुशहाली’ लाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने दीपावली और अन्य त्योहारों के लिए पवित्र गाय के गोबर से दीये बनाने का प्रकल्प शुरू किया है, जो स्वदेशी अभियान को नई दिशा दे रहा है।
इस कार्य के लिए नगर निगम की हातोद क्षेत्र स्थित गौशाला में दो मशीनें स्थापित की गई हैं। आगामी दिनों में और मशीनें लगाई जाएंगी ताकि लाखों की संख्या में दीये समय पर तैयार किए जा सकें। यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप स्वदेशी अभियान को नई गति प्रदान करेगी।
तैयार किए गए इन दीयों को पैकिंग कर बाजार में भी उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर श्री वर्मा स्वयं इस पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को इस कार्य से जोड़ते हुए पशुपालन विभाग, नगर निगम और जिला आपूर्ति नियंत्रक को प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


