PM मोदी ने IMC 2025 में ‘मेक इन इंडिया’ के आलोचकों को दिया जवाब, बताया डेटा हुआ ‘चाय से भी सस्ता’

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के यशोभूमि में एशिया के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी इवेंट, इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 के 9वें एडिशन का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में, PM मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ के आलोचकों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनका मजाक उड़ाने वालों को आज जवाब मिल गया है: जो देश कभी 2जी के लिए जूझता था, आज उसके हर जिले में 5जी पहुँच चुका है। PM के मुताबिक, भारत की डिजिटल तरक्की का आलम यह है कि 1GB वायरलेस डेटा की कीमत एक कप चाय से भी कम हो गई है।

प्रधानमंत्री ने भारत की क्षमता पर ज़ोर देते हुए कहा कि मेड इन इंडिया 4G स्टैक लॉन्च करने के बाद भारत अब उन 5 विशिष्ट देशों की सूची में है जिनके पास यह टेक्नोलॉजी है। उन्होंने वैश्विक निवेशकों को आमंत्रित करते हुए कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टेलीकॉम और 5G मार्केट है, इसलिए यह निवेश, नवाचार और निर्माण के लिए सबसे उपयुक्त समय है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दूरसंचार क्रांति को ‘विकसित भारत की क्रांति’ बताया। उन्होंने कहा कि यह क्रांति चार ‘डी’ यानी डेमोक्रेसी, डेमोग्राफी, डिजिटल फर्स्ट और डिलीवरी पर आधारित है। मंत्री ने बताया कि 2014 के ₹287 प्रति जीबी डेटा की तुलना में, आज यह केवल ₹9.11 है। उन्होंने गर्व से कहा कि जहाँ भारत कभी टेक्नोलॉजी के लिए दूसरों पर निर्भर था, वहीं आज यह डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर (DPI) मॉडल के कारण विश्व का डिजिटल ध्वजवाहक बन गया है, जिसे 20 से अधिक देश अपनाने पर विचार कर रहे हैं।

8 से 11 अक्टूबर तक चलने वाले IMC 2025 का थीम है “इनोवेट टू ट्रांसफॉर्म“। इसमें 150 से ज्यादा देशों के 1.5 लाख से अधिक वक्ता और 400 से ज्यादा कंपनियाँ भाग लेंगी। इवेंट में 6जी, AI, साइबर सुरक्षा, क्वांटम कंप्यूटिंग और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे भविष्य के विषयों पर गहन चर्चा होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button