नीरज चोपड़ा को मिला नया सम्मान: रक्षा मंत्री ने प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) पद का प्रतीक चिन्ह सौंपा

 

22 अक्टूबर 2025

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को स्टार भाला फेंक एथलीट और दो ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद का औपचारिक प्रतीक चिन्ह (पिपिंग) प्रदान कर सम्मानित किया। यह समारोह 22 अक्टूबर, 2025 को नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर श्री राजनाथ सिंह ने नीरज चोपड़ा और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें दृढ़ता और देशभक्ति के साथ उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने की भारतीय भावना का ‘आदर्श उदाहरण’ बताया।

रक्षा मंत्री ने कहा, “लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव के सर्वोच्च आदर्शों के प्रतीक हैं और वे सशस्त्र बलों और खेल जगत दोनों के लिए आने वाली पीढ़ियों के प्रेरणास्रोत हैं।” थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।

नीरज चोपड़ा, जिनका जन्म 24 दिसंबर 1997 को हरियाणा के खंडरा गांव में हुआ था, 2016 में सेना में शामिल हुए और राजपूताना राइफल्स में सेवा की है।

उन्हें 16 अप्रैल, 2025 को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रादेशिक सेना में मानद कमीशन प्रदान किया गया था। उनकी उपलब्धियां शानदार हैं, जिनमें 2020 टोक्यो ओलंपिक में ट्रैक एंड फील्ड में भारत का पहला स्वर्ण पदक, 2024 पेरिस ओलंपिक में रजत पदक, 2023 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और 90.23 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो (2025) शामिल है। उन्हें पहले भी पद्मश्री, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न और परम विशिष्ट सेवा पदक जैसे कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button