किसानों को राहत: मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ लैंड पूलिंग निरस्त की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के किसानों को बड़ी राहत देते हुए सिंहस्थ के लिए लाई गई लैंड पूलिंग योजना को समाप्त कर दिया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को किसान संघ और जनप्रतिनिधियों के साथ समग्र चर्चा के बाद यह निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक में स्पष्ट किया गया कि आगामी सिंहस्थ का आयोजन दिव्य और भव्य होगा, लेकिन इसमें साधु-संतों के साथ किसानों के हितों का व्यापक रूप से ध्यान रखा जाएगा। किसान संघ ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री का स्वागत और आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगरीय प्रशासन विकास विभाग और जिला प्रशासन को तत्काल लैंड पूलिंग निरस्त करने के आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में किसान संघ की ओर से सर्वश्री महेश चौधरी, कमल सिंह आँजना, अतुल माहेश्वरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



