प्रधानमंत्री ने जारी की पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त; मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतना में देखा सीधा प्रसारण

कोयंबटूर/सतना। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के करोड़ों किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 21वीं किश्त वितरित की। इस दौरान, उन्होंने पात्र किसानों के बैंक खातों में 18 हजार करोड़ रुपये की सम्मान राशि का डिजिटल हस्तांतरण किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सतना जिले के दौरे पर थे। उन्होंने नागौद के बरकोनिया मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और किसानों को दिए गए प्रधानमंत्री श्री मोदी के संबोधन को सुना।
योजना की उपलब्धि: गौरतलब है कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक किसानों के खातों में 3 लाख 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे अंतरित की जा चुकी है, जो कृषि क्षेत्र को आर्थिक संबल प्रदान करने वाली एक बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा, पूर्व राज्यमंत्री श्री रामखेलावन पटेल और नगर पंचायत अध्यक्ष सुश्री प्रतिभा सिंह भी उपस्थित रहीं।


