नरसिंहपुर के वीर सपूत आशीष शर्मा को नम आँखों से विदाई; सीएम ने खुद दिया कांधा

नक्सली मुठभेड़ में देश के लिए शहीद हुए हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को गुरुवार को उनके गांव बोहानी (नरसिंहपुर) में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने शहीद के पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और सम्मान के तौर पर कांधा भी दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि आशीष शर्मा ने अपने फर्ज के लिए सबसे बड़ा बलिदान दिया है और उनकी शहादत पर पूरे प्रदेश को नाज है।
सरकार की ओर से सम्मान:
शहीद के बलिदान को याद रखते हुए मुख्यमंत्री ने तीन बड़ी घोषणाएं कीं:
-
शहीद के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि मिलेगी।
-
शहीद के छोटे भाई को नियमों में छूट देकर सब-इंस्पेक्टर की नौकरी दी जाएगी।
-
बोहानी गांव में शहीद के नाम पर पार्क और स्टेडियम बनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां हमेशा आशीष शर्मा से प्रेरणा लेती रहें।
इस भावुक क्षण में केंद्रीय मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार, सहित कई बड़े नेता, अधिकारी और सैकड़ों गांव वाले मौजूद थे।


