सोना-चांदी हुए महंगे तो प्लेटिनम की ओर मुड़े निवेशक, 18 साल का रिकॉर्ड टूटा

अगर आप सोने और चांदी की ऊंची कीमतों से परेशान हैं, तो बाजार में प्लेटिनम इस समय सबसे ज्यादा चर्चा में है। गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्लेटिनम की कीमतों ने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। चांदी की 132% की बढ़त के मुकाबले प्लेटिनम 121% की बढ़त के साथ दूसरे नंबर पर है, जबकि सोना 74% रिटर्न के साथ पीछे छूट गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि सोने-चांदी के महंगे होने के कारण लोग अब प्लेटिनम को एक ‘सस्ते और मुनाफे वाले’ विकल्प के तौर पर अपना रहे हैं।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार, भारत में प्लेटिनम की औसत कीमत अब 61,513 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। प्लेटिनम की कीमतों में पिछले कुछ वर्षों में जबरदस्त तेजी आई है:
-
2020 के अंत में: 24,910 रुपये प्रति 10 ग्राम
-
2024 के अंत में: 27,560 रुपये प्रति 10 ग्राम
-
वर्तमान स्थिति: 61,513 रुपये प्रति 10 ग्राम
वैश्विक स्तर पर इसकी कीमत 1,78,227 रुपये प्रति 28.35 ग्राम (प्रति औंस) तक जा पहुंची है, जो पिछले 18 वर्षों का रिकॉर्ड स्तर है।



