सेना पर अटूट भरोसा: जब पाक ने हमला करने की कोशिश की, तब भारतीय नागरिक डरे नहीं – राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में आयोजित ‘एयर फोर्स कमांडर्स कॉन्क्लेव’ में वायुसेना के शीर्ष अधिकारियों को संबोधित करते हुए स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम ‘सुदर्शन चक्र’ की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित यह सिस्टम देश की सुरक्षा में निर्णायक भूमिका निभाएगा। रक्षा मंत्री ने भविष्य की चुनौतियों के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से सीख लेने और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल पर बल दिया। कॉन्क्लेव में सीडीएस जनरल अनिल चौहान और एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
वायु सेना कमांडरों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय नागरिकों के अटूट विश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि आमतौर पर हमले के समय लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते हैं, लेकिन पाकिस्तानी सेना के असफल प्रयास के दौरान भारतीय जनता शांत रही और अपनी दैनिक गतिविधियों में जुटी रही। यह सेना की तैयारियों पर जनता के गहरे भरोसे का प्रमाण है।
रक्षा मंत्री ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) कार्यों के लिए भी वायु सेना की प्रशंसा की। उन्होंने कमांडरों से आह्वान किया कि वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से मिले रणनीतिक सबक का उपयोग भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए करें। उन्होंने वायु सेना को एक ऐसी शक्ति बताया जो दुश्मन को स्पष्ट रणनीतिक संदेश देने में सक्षम है।



