रीवा बनेगा विंध्य के विकास का ‘इंजन’, चिकित्सा क्षेत्र में ₹350 करोड़ की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

रीवा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा को विंध्य क्षेत्र के विकास का मुख्य आधार बताते हुए कहा कि जिस प्रकार ट्रेन का इंजन पूरी गाड़ी को गति देता है, वैसे ही रीवा पूरे विंध्य को प्रगति की ओर ले जा रहा है। मुख्यमंत्री शनिवार को रीवा के श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के ₹350 करोड़ लागत वाले विस्तारीकरण कार्यों का भूमि-पूजन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि जहां आजादी के 55 वर्षों में प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, वहीं पिछले 2 वर्षों में 6 नए सरकारी कॉलेज खुले हैं और जल्द ही यह संख्या 50 तक पहुंच जाएगी। रीवा के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में अब 2400 से अधिक बेड होंगे और यहाँ कैंसर, कार्डियोलॉजी और न्यूरो सर्जरी जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज आधुनिक मशीनों से होगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने ‘ऑपरेशन गंगा’ का जिक्र किया और बताया कि कैसे युद्ध के बीच यूक्रेन से भारतीय छात्रों को सुरक्षित वापस लाया गया। कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में एयर एंबुलेंस और हवाई सेवाओं के विस्तार से विकास को नई उड़ान मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button