मणिपुर में राष्ट्रपति शासन समाप्त : युमनाम खेमचंद सिंह ने संभाली सत्ता, दो डिप्टी सीएम के साथ नई सरकार का गठन

मणिपुर में करीब एक साल से चल रहा राष्ट्रपति शासन आज समाप्त हो गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। बुधवार शाम इम्फाल के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने उन्हें शपथ दिलाई।
सत्ता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार में दो उप-मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। नगा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के लोधी दिखो और कुकी समुदाय से भाजपा नेता नेमचा किपगेन ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। उल्लेखनीय है कि नेमचा किपगेन मणिपुर की पहली महिला डिप्टी सीएम बन गई हैं; उन्होंने दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया।



