विकसित जम्मू-कश्मीर मोदी सरकार की प्राथमिकता; अमित शाह ने जम्मू में की विकास परियोजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा

जम्मू: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज जम्मू में एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें केंद्रशासित प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। इस बैठक में उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री श्री उमर अबदुल्ला और केंद्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान गृह मंत्री ने सड़क, जल विद्युत, बिजली, उद्योग, पर्यटन और डिजिटल कनेक्टिविटी (4G व ऑप्टिकल फाइबर) जैसे प्रमुख बुनियादी ढांचों की समीक्षा की। श्री शाह ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जम्मू-कश्मीर को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ (100% सैचुरेशन) अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।
युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए, गृह मंत्री ने ₹200 करोड़ के निवेश के साथ स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर और अकादमियों की स्थापना पर बल दिया। साथ ही, डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए NDDB के माध्यम से प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश दिए। एक ऐतिहासिक निर्णय की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में जम्मू-कश्मीर को पहली बार ‘SASCI’ योजना में शामिल किया गया है, जिससे विकास कार्यों के लिए 50 साल का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध होगा।



