अनिल अंबानी ग्रुप की मुश्किलें बढ़ीं: 40,000 करोड़ के फ्रॉड की जांच के लिए ED ने बनाई SIT; सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एक्शन

नई दिल्ली: एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप (ADAG) और उससे जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, एजेंसी ने 40,000 करोड़ रुपए के बैंकिंग और कॉर्पोरेट धोखाधड़ी मामले की गहराई से जांच करने के लिए एक ‘स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम’ (SIT) का गठन किया है। यह कदम सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही में दिए गए उन निर्देशों के बाद उठाया गया है, जिसमें मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया था।
जांच टीम का नेतृत्व ED मुख्यालय की ‘हेडक्वार्टर इन्वेस्टिगेशन टीम’ (HIU) के एडिशनल डायरेक्टर रैंक के अधिकारी करेंगे। इस विशेष टीम में आधा दर्जन अनुभवी अधिकारियों को रखा गया है, जो फंड के हेरफेर और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन पर बारीकी से नज़र रखेंगे। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई (CBI) को भी इस मामले में किसी भी तरह की साजिश या मिलीभगत की जांच करने के निर्देश दिए हैं।



