भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी में नए अध्याय का आगाज; अगले 5 वर्षों में 20 बिलियन डॉलर व्यापार का लक्ष्य

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत दौरे पर आए ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा का गर्मजोशी से स्वागत किया। संयुक्त प्रेस वक्तव्य के दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति लूला की दूरदृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध ऐतिहासिक ऊंचाइयों को छू रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इस यात्रा को ‘AI इम्पैक्ट समिट’ की सफलता और द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के लिए एक नई ऊर्जा बताया।
आर्थिक और तकनीकी सहयोग: दोनों नेताओं ने आर्थिक संबंधों को मजबूती देते हुए अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 बिलियन डॉलर के पार ले जाने का संकल्प लिया। पीएम मोदी ने बताया कि ब्राजील में ‘डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर’ के लिए एक ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर्स और ब्लॉकचेन जैसे भविष्य के क्षेत्रों में सहयोग को प्राथमिकता दी गई है।
ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र: ऊर्जा के क्षेत्र में ‘ग्लोबल बायो-फ्यूल अलायंस’ के जरिए हरित भविष्य की प्रतिबद्धता दोहराई गई। साथ ही, ‘क्रिटिकल मिनरल्स’ और ‘रेयर अर्थ्स’ पर हुआ समझौता वैश्विक सप्लाई चेन को सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। रक्षा और कृषि क्षेत्र में भी दोनों देशों ने एक-दूसरे पर गहरा भरोसा जताया है।



