मैनेट भोपाल में यादों का कारवां: 40 साल बाद मिले 1986 बैच के सहपाठी, डीजीपी कैलाश मकवाणा सहित दुनिया भर से जुटे दिग्गज

भोपाल: मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) के वर्ष 1986 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं का भव्य पुनर्मिलन समारोह 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को भोपाल में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। चार दशकों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस ‘रीयूनियन’ ने पुरानी यादों को ताजा कर दिया। इस गौरवशाली अवसर पर मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री कैलाश मकवाणा अपने पुराने सहपाठियों के साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम में देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल हुए, जिनमें गुजरात कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री कमल दयानी प्रमुख थे। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और हांगकांग जैसे देशों से आए एलुमनाई ने इस आयोजन को वैश्विक पहचान दी। दो दिवसीय इस उत्सव में पुलिस ऑफिसर्स मेस, मोटल शिराज और सफल रिट्रीट में सांस्कृतिक संध्या, समूह चर्चा और अनुभव साझा करने जैसे सत्र आयोजित किए गए। बोट क्लब पर शिकारा राइड और वन विहार में मॉर्निंग वॉक ने इस मिलन को और भी यादगार बना दिया।



