हवाई यात्रा की थकान होगी दूर: आयुष मंत्रालय ने लॉन्च किया 5 मिनट का ‘स्मार्ट योग रूटीन’, 35,000 फीट की ऊंचाई पर भी रहेंगे फिट

हवाई यात्रा के दौरान घंटों तक एक ही सीट पर बैठे रहने से होने वाली शारीरिक अकड़न और मानसिक तनाव का समाधान अब योग में मिल गया है। आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने ‘योग महोत्सव 2026’ के दौरान एक विशेष इन-फ्लाइट वेलनेस प्रोटोकॉल की शुरुआत की है। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा विकसित यह 5 मिनट का मॉड्यूल विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है जो लंबी उड़ानों के कारण थकान और ‘जेट लैग’ का सामना करते हैं।
यात्रा के दौरान योग क्यों है जरूरी? हवाई यात्रा के दौरान लंबे समय तक गतिहीन रहने से रक्त संचार (ब्लड सर्कुलेशन) धीमा हो जाता है, जिससे मांसपेशियों में खिंचाव और गंभीर मामलों में ‘डीप वेन थ्रोम्बोसिस’ (DVT) का खतरा बढ़ जाता है। आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा के अनुसार, सीमित स्थान में भी योग को अपनाने से न केवल तनाव कम होता है, बल्कि शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह भी बेहतर होता है। यह प्रोटोकॉल हवाई यात्रा की थकान को ऊर्जा में बदलने का एक वैज्ञानिक तरीका है।



