सीधी में सीएम का औचक निरीक्षण: निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दी चेतावनी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सीधी जिले के नागरिकों से सीधा संवाद कर शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और आमजन से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट भवन का मुद्दा उठाया। उन्होंने निर्माण की धीमी गति पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए काम को समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनकल्याण है। योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुँचना चाहिए। इस दौरान सांसद राजेश मिश्रा, विधायक रीति पाठक और विश्वमित्र पाठक सहित कई स्थानीय नेता उपस्थित रहे। सीएम ने अधिकारियों को संवेदनशील और जवाबदेह बनने की हिदायत दी है।


