मौसम अपडेट :

देशभर में बदला मौसम: कई राज्यों में बारिश, कहीं कोहरा तो कहीं उमस का असर

सोमवार सुबह देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली। राजस्थान और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सुबह-सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि ओडिशा के पुरी में घना कोहरा छा गया। कोहरे की घनी चादर के कारण भगवान जगन्नाथ मंदिर पूरी तरह धुंध में ढका नजर आया।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, सिक्किम और पूर्वोत्तर के कई राज्यों—असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा—में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

वहीं, कोंकण-गोवा और केरल में आज उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है। दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

लगातार सक्रिय हो रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण देश के कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, दिल्ली, बिहार और झारखंड में दोपहर बाद मौसम सामान्य रहने की संभावना है। IMD के अनुसार 26 मार्च से एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिससे तेज बारिश और आंधी के हालात बन सकते हैं। हालांकि, अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में तापमान 4 से 7 डिग्री तक बढ़ सकता है।

देश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। 24 मार्च को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है।

दक्षिण और पश्चिम भारत के राज्यों—महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश—में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ उमस बनी रहेगी।

25 मार्च को उत्तरी पहाड़ी राज्यों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंड बनी रहेगी। वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ ज्यादातर जगह मौसम साफ रहेगा। दक्षिण और पश्चिमी राज्यों में सामान्य मौसम के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और उमस बनी रह सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button