राजस्थान रॉयल्स 15,289 करोड़ रुपये में बिकी, IPL इतिहास की सबसे महंगी टीम बनी

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने इतिहास रच दिया है। टीम को 1.63 बिलियन डॉलर यानी लगभग 15,289 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर बेचा गया है। इस डील के साथ ही राजस्थान रॉयल्स IPL की अब तक की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई है।
इस ऐतिहासिक बोली को भारतीय मूल के अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी और उनके कॉन्सोर्टियम ने लगाया, जिसे संबंधित अधिकारियों ने मंजूरी दे दी है। यह बोली IPL के इतिहास में किसी भी टीम के लिए लगाई गई सबसे बड़ी बोली मानी जा रही है।
राजस्थान रॉयल्स की इस डील ने लखनऊ सुपर जायंट्स के पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले साल 2021 में संजीव गोयनका के RPSG ग्रुप ने लखनऊ टीम को 7,090 करोड़ रुपये में खरीदा था, जो उस समय एक बड़ी और रिकॉर्डतोड़ बोली मानी गई थी।
अगर राजस्थान रॉयल्स के मूल्यांकन के इतिहास पर नजर डालें, तो इसमें जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिलती है। साल 2008 में जब इस फ्रेंचाइजी को पहली बार खरीदा गया था, तब इसकी कीमत सिर्फ 67 मिलियन डॉलर थी, जो उस समय भारतीय मुद्रा में करीब 260 से 270 करोड़ रुपये के बीच बैठती थी। अगर उसी 67 मिलियन डॉलर को आज के मूल्य के हिसाब से आंका जाए, तो इसकी कीमत लगभग 628 करोड़ रुपये होती है।
अब साल 2026 में यही टीम करीब 1.63 बिलियन डॉलर यानी लगभग 15,289 करोड़ रुपये में बिकी है। इस तरह, 2008 की मौजूदा वैल्यू (628 करोड़ रुपये) की तुलना में राजस्थान रॉयल्स की कीमत में करीब 24 गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इस डील ने IPL में फ्रेंचाइजी वैल्यूएशन के नए मानक स्थापित कर दिए हैं और यह दिखाता है कि लीग की लोकप्रियता और व्यावसायिक संभावनाएं लगातार तेजी से बढ़ रही हैं।



