मध्यप्रदेश में सौर क्रांति: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ‘सूर्य-मित्र’ योजना के तहत विद्युत क्रय अनुबंधों का करेंगे वितरण

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजधानी भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होने वाली ‘सूर्य-मित्र कृषि फीडर’ योजना के अंतर्गत चयनित विकासकों को विद्युत क्रय अनुबंध (PPA) वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम बुधवार, 25 मार्च को सुबह 11:30 बजे आयोजित किया गया है।
योजना का स्वरूप और लाभ: अपर मुख्य सचिव श्री मनु श्रीवास्तव के अनुसार, इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रिड से जुड़े कृषि फीडरों और मिश्रित विद्युत फीडरों से चलने वाले कृषि पंपों को सौर ऊर्जा से बिजली प्रदान करना है। इसके लिए विशेष सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे पूरे फीडर और विद्युत सब-स्टेशन का ‘सोलराइजेशन’ (सौरकरण) सुनिश्चित होगा। यह पहल न केवल ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाएगी, बल्कि किसानों को दिन के समय निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में भी सहायक होगी।


