मध्यप्रदेश ने रचा इतिहास: 2 लाख से अधिक बेटियों का एचपीवी टीकाकरण, सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध अभियान में देश में अग्रणी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश में एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान के तहत 2 लाख से अधिक बालिकाओं के टीकाकरण की ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग और मैदानी अमले की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2,00,538 बालिकाओं का टीकाकरण केवल एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की ओर बढ़ाया गया एक बड़ा कदम है। यह अभियान भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे को कम करने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन “जागरूक अभिभावकों” का आभार माना जिनके सकारात्मक दृष्टिकोण से इस अभियान को गति मिली। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अस्पतालों के इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार, आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान को एक जन-आंदोलन बनाने की अपील की ताकि “स्वस्थ मध्यप्रदेश, सशक्त मध्यप्रदेश” का संकल्प साकार हो सके।



