IPL 2026 का पहला मुकाबला आज, चैंपियन RCB और SRH आमने-सामने

IPL के 19वें सीजन का आगाज आज बेंगलुरु में होगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच पहला मैच खेला जाएगा। मुकाबला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा और टॉस 7:00 बजे किया जाएगा।
डिफेंडिंग चैंपियन RCB इस मैच में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी, क्योंकि टीम ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला खिताब जीता था। वहीं, SRH पिछली बार प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी थी और छठे स्थान पर रही थी, ऐसे में टीम इस सीजन में बेहतर शुरुआत करना चाहेगी।
हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो SRH का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 25 मैचों में से 13 में हैदराबाद ने जीत दर्ज की है, जबकि 11 मुकाबले RCB ने जीते हैं। एक मैच टाई रहा, जिसे सुपर ओवर में SRH ने अपने नाम किया था।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB का रिकॉर्ड बेहतर रहा है, जहां उसने SRH के खिलाफ 8 में से 5 मैच जीते हैं। पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है, जिससे बड़े स्कोर बनने की संभावना रहती है। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में मदद मिल सकती है, जबकि स्पिनर्स के लिए ज्यादा टर्न नहीं होता।
RCB की टीम इस बार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन के मामले में संतुलित दिख रही है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट ओपनिंग करेंगे, जबकि देवदत्त पडिक्कल और वेंकटेश अय्यर मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे। टिम डेविड और जितेश शर्मा भी फिनिशर की भूमिका में अहम साबित हो सकते हैं।
गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और जैकब डफी पर जिम्मेदारी होगी, खासकर जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में।
इस मैदान पर अब तक 100 मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें पहले गेंदबाजी करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है। यहां का हाईएस्ट स्कोर 287/3 है, जो SRH ने पिछले साल RCB के खिलाफ बनाया था।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-12 भी लगभग तय मानी जा रही है, जिसमें दोनों पक्षों के कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-12
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम, रसिख सलाम।
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, लियम लिविंगस्टन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, हर्ष दुबे, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट।



