कूनो की शान ‘मुखी’ का तीसरा जन्मदिन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चीता परियोजना की सफलता को बताया गौरव का क्षण

मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में भारत में जन्मी पहली चीता ‘मुखी’ ने 29 मार्च को सफलतापूर्वक अपने जीवन के तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘मुखी’ की जीवन यात्रा को वन्य-जीव संरक्षण के क्षेत्र में देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुखी का तीसरा जन्मदिन भारतीय चीता परियोजना की सफलता और हमारे समर्पित वैज्ञानिक प्रबंधन का प्रमाण है।
मुखी की यह यात्रा संघर्षपूर्ण रही है। 29 मार्च 2023 को नामीबियाई चीता ‘ज्वाला’ से जन्मी मुखी अपने चार भाई-बहनों में एकमात्र उत्तरजीवी थी, क्योंकि भीषण गर्मी के कारण अन्य शावकों की मृत्यु हो गई थी। यहाँ तक कि उसकी माँ ने भी उसे स्वीकार नहीं किया था, जिसके बाद कूनो के विशेषज्ञों ने विशेष देखभाल के साथ उसका पालन-पोषण किया। आज मुखी न केवल पूर्णतः स्वस्थ है, बल्कि उसने नवंबर 2025 में पांच शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों की दूसरी पीढ़ी की शुरुआत भी कर दी है।



