कतर में भारत के राजदूत और राज्य मंत्री की अहम मुलाकात, क्षेत्रीय तनाव और द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा

कतर में भारत के राजदूत ने अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की राज्य मंत्री मरियम बिन्त अली बिन नासिर अल मिसनाद से मुलाकात की। इस बैठक की जानकारी कतर स्थित भारतीय दूतावास ने साझा की। मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
भारतीय दूतावास के अनुसार, इस बैठक में भारत और कतर के बीच द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही क्षेत्रीय स्थिति में आई गिरावट को लेकर बातचीत और कूटनीति के जरिए समाधान निकालने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। भारतीय राजदूत ने कतर में रह रहे भारतीय समुदाय को दिए जा रहे सहयोग के लिए मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
दूसरी ओर, कतर के विदेश मंत्रालय ने भी इस बैठक की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मुलाकात रविवार को हुई। मंत्रालय के बयान में कहा गया कि चर्चा का केंद्र दोनों देशों के आपसी संबंधों और साझा चिंताओं से जुड़े मुद्दे रहे।
बैठक के दौरान राज्य मंत्री मरियम अल मिसनाद ने बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताई और कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत सभी आक्रामक गतिविधियों को रोकना जरूरी है। उन्होंने बातचीत की प्रक्रिया को फिर से शुरू करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन जुटाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच यह मुलाकात बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं और बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।
इसी बीच, कुवैत ने भी सुरक्षा स्थिति को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। कुवैत के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने कई हवाई खतरों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 14 बैलिस्टिक मिसाइल और 12 ड्रोन को हवा में ही मार गिराया गया।
हालांकि, इसके बावजूद एक सैन्य शिविर पर मिसाइल हमला हुआ, जिसमें 10 सैनिक घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस हमले में सैन्य कैंप को भी नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा, एक निजी लॉजिस्टिक कंपनी के गोदामों को भी निशाना बनाया गया, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा, हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


