काशी और महाकाल के बीच साझा प्रबंधन का नया अध्याय: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका मत्था

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को वाराणसी प्रवास के दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने “विरासत के साथ विकास” के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश सुशासन और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में एक साझा संस्कृति विकसित कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गंगा घाट पहुँचकर माँ गंगा का पूजन किया और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि उज्जैन के बाबा महाकाल और वाराणसी के बाबा विश्वनाथ धाम के बीच व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दोनों ज्योतिर्लिंगों के दर्शनार्थियों को सुगम और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने परिसर में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन भी किया।


