65 करोड़ की लागत से पूर्ण होगा श्री हनुमान लोक का दूसरा चरण; पांढुर्णा में धार्मिक पर्यटन से बदलेगी अर्थव्यवस्था
मध्यप्रदेश सरकार ने जामसांवली स्थित ‘श्री हनुमान लोक’ के विकास के लिए मास्टरप्लान तैयार किया है। प्रथम चरण के लोकार्पण के बाद, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि जल्द ही 65 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से दूसरे चरण का कार्य पूरा किया जाएगा। इस चरण में एक भव्य संस्कृत महाविद्यालय, प्रवचन हॉल (भक्ति सागर), यज्ञशाला, धर्मशाला और भोजशाला जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
यह परियोजना केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र की ‘आध्यात्मिक इकोनॉमी’ के लिए गेम-चेंजर साबित होगी। छिंदवाड़ा और पांढुर्णा, जो वर्तमान में संतरा उत्पादन के लिए प्रसिद्ध हैं, अब वैश्विक धार्मिक मानचित्र पर भी अपनी पहचान बनाएंगे। यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से स्थानीय व्यापार, रोजगार और पर्यटन को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा, जिससे जिले की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।



