कई राज्यों में छापेमारी के बाद लश्कर नेटवर्क का खुलासा, 5 गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो पाकिस्तानी आतंकी और तीन स्थानीय मददगार शामिल हैं।
गिरफ्तार आतंकियों में अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरेरा का नाम प्रमुख है, जो करीब 16 वर्षों से फरार चल रहा था। वहीं, दूसरा आतंकी उस्मान उर्फ खुबैब है। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि इन आतंकियों ने करीब 2010 में भारत में घुसपैठ की थी और उसके बाद से कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में सक्रिय रहे।
सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा में 19 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण सबूत और सामग्री जब्त की गई। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि यह नेटवर्क आतंकियों को लॉजिस्टिक और वित्तीय सहायता प्रदान करता था।
अधिकारियों के मुताबिक, इन आतंकियों ने बीते वर्षों में लगभग 40 आतंकवादियों को कमांड किया, जिनमें से अधिकांश को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ों में मार गिराया है। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि एक आतंकी फर्जी दस्तावेजों के जरिए देश से बाहर भागने में सफल रहा।



