मौसम अपडेट :

देशभर में बदला मौसम, 20 से ज्यादा राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
देश के 20 से अधिक राज्यों में आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के साथ ही बैक-टु-बैक दो सिस्टम के एक्टिव होने से आंधी, तूफान और बारिश की संभावना बढ़ गई है।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद में दोपहर के समय बारिश दर्ज की गई। मथुरा में तेज आंधी के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का टेंट उड़ गया। वहीं राजस्थान के नागौर में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि जयपुर, बीकानेर और टोंक में भी तेज बारिश हुई।
मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। ग्वालियर में आज बारिश हुई और राज्य के 34 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा में मंगलवार सुबह लैंडस्लाइड के कारण निर्माणाधीन सिंयूर पुल रावी नदी में समा गया, जिससे भरमौर और होली क्षेत्र का संपर्क टूट गया। वहीं उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चमोली में बर्फबारी हुई। दिल्ली-एनसीआर में भी मंगलवार को बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने 10 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट और 15 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है। 7 और 8 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का असर बना रहेगा।



