बंगाल चुनाव: पीएम मोदी ने टीएमसी को दी चेतावनी, कहा- हिंसा और भ्रष्टाचार में शामिल लोग नहीं बचेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कटवा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी सरकार पर जमकर प्रहार किया। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य में राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देने वाले तत्वों के खिलाफ भाजपा सरकार बनते ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता को ‘मोदी की गारंटी’ का भरोसा दिलाते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य बंगाल से डर का माहौल खत्म करना है।
प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद पिछले 15 वर्षों के शासनकाल का ‘श्वेत पत्र’ जारी किया जाएगा। उन्होंने सिंडिकेट राज और रेत खनन जैसे अवैध व्यवसायों पर चिंता जताते हुए एक पारदर्शी टेंडर प्रणाली लागू करने का वादा किया। इसके अलावा, राजनीतिक हिंसा के मामलों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक विशेष जांच आयोग गठित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।



