कूनो नेशनल पार्क में गूंजी किलकारियां: मादा चीता ‘केजीपी-12’ ने दिया 4 शावकों को जन्म, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई

मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहाँ भारत में जन्मी मादा चीता ‘गामिनी’ की बेटी ‘केजीपी-12’ ने 4 स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्यान के प्रबंधकों और वन्यजीव चिकित्सकों की टीम को हार्दिक बधाई दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन के कारण ही मध्यप्रदेश को ‘चीतों का घर’ बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि ‘केजीपी-12’ द्वारा शावकों को जन्म देना इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि मध्यप्रदेश का वातावरण और पारिस्थितिकी तंत्र चीतों के संवर्धन और उनके वंश विस्तार के लिए पूरी तरह अनुकूल है।
इस नई खुशहाली के साथ ही मध्यप्रदेश में चीतों की कुल संख्या अब 57 तक पहुँच गई है, जिसमें देश में जन्मे 37 चीते शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इस सफलता को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम बताया है।



