वैश्विक तनाव के बीच कीमती धातुओं में गिरावट, सोना-चांदी के दाम फिसले

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच आज घरेलू सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के ताजा आंकड़ों के अनुसार, एक किलो चांदी की कीमत में 2,953 रुपए की गिरावट आई है, जिसके बाद इसका भाव घटकर 2.37 लाख रुपए रह गया है। इससे पहले 10 अप्रैल को चांदी की कीमत 2.40 लाख रुपए प्रति किलो थी।
सोने की कीमतों में भी नरमी दर्ज की गई है। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 316 रुपए सस्ता होकर 1,50,011 रुपए पर पहुंच गया है। शुक्रवार को यह 1,50,327 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था।
हालांकि, पिछले कुछ समय के ट्रेंड पर नजर डालें तो सोना और चांदी दोनों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते पिछले 45 दिनों में सोने की कीमत में 9,086 रुपए और चांदी में 29,719 रुपए की कमी आई है।



