अमरकंटक में ‘नो कंस्ट्रक्शन जोन’ घोषित: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए नर्मदा उद्गम स्थल के संरक्षण के कड़े निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमरकंटक में ‘नर्मदा समग्र मिशन’ की उच्च स्तरीय बैठक में नर्मदा नदी के संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अमरकंटक की पवित्रता और पर्यावरणीय अखंडता बनाए रखने के लिए यहाँ ‘नो मूवमेंट’ और ‘नो कंस्ट्रक्शन’ जोन निर्धारित किए जाएं। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते कंक्रीट निर्माण पर चिंता व्यक्त करते हुए नए निर्माण कार्यों पर पूरी तरह रोक लगाने और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश जिला कलेक्टर को दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नर्मदा नदी में प्रदूषण रोकने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली की सतत निगरानी की जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि क्षेत्र से विदेशी प्रजाति के पेड़ों (यूकेलिप्टस) को हटाकर स्थानीय प्रजाति जैसे साल, महुआ, आंवला और गुलबकावली के पौधों का रोपण किया जाए। शासन और समाज के बीच समन्वय को अनिवार्य बताते हुए डॉ. यादव ने जनप्रतिनिधियों से जन-जागृति बढ़ाने का आह्वान किया।



