मध्यप्रदेश पुलिस का सायबर अपराधियों पर बड़ा प्रहार: देवास, विदिशा, रतलाम और इटारसी में अंतर्राज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश

मध्यप्रदेश पुलिस ने आधुनिक तकनीक और ‘e-Zero FIR’ जैसी त्वरित प्रणालियों का उपयोग करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में सायबर ठगों के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। देवास में पुलिस ने पश्चिम बंगाल और दिल्ली तक फैले एक संगठित गिरोह को दबोचा, जिसने मोबाइल हैक कर करीब 8 लाख रुपये की ठगी की थी। वहीं विदिशा में पिछले 5 वर्षों से नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर को ध्वस्त कर मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया गया है।
रतलाम पुलिस ने ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ के तहत एक ऐसे ‘म्यूल अकाउंट’ का खुलासा किया है जिसमें 47 लाख रुपये से अधिक का संदिग्ध लेन-देन पाया गया। यह खाता तमिलनाडु में हुए एक बड़े ‘डिजिटल अरेस्ट स्कैम’ से जुड़ा था। इटारसी में भी पुलिस ने ‘वर्क फ्रॉम होम’ के नाम पर टास्क देकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को राजस्थान और नीमच से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से सतर्क रहें और ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें।



