मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी-मालवा को दी 1000 करोड़ से अधिक की सौगात; नारी शक्ति वंदन अधिनियम को बताया ऐतिहासिक कदम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदापुरम जिले के सिवनी-मालवा में विकास के एक नए युग का सूत्रपात किया। मुख्यमंत्री ने यहाँ 972 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 72 किलोमीटर लंबे नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे-67 के उन्नयन कार्य का भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह मार्ग न केवल क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुधारेगा, बल्कि इंदौर-उज्जैन तक की राह भी आसान करेगा।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की सराहना करते हुए इसे लोकतांत्रिक इतिहास का क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने लाड़ली बहनों को आश्वस्त किया कि योजना की राशि 1500 रुपये की जाएगी और भविष्य में इसे और बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नई जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि स्कूली बच्चों के लिए “माता यशोदा योजना” (नि:शुल्क दूध) और घायलों की मदद के लिए “राहवीर योजना” शुरू की गई है। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और स्थानीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।



