बाड़मेर रिफाइनरी में आग, पीएम मोदी का उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित

राजस्थान के बाड़मेर स्थित पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने की घटना के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 21 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम टाल दिया गया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि एचआरआरएल रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास लगी आग के कारण यह फैसला लिया गया है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि आग पर अब काबू पा लिया गया है और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी जानकारी में कहा गया है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, उद्घाटन की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार को उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले हुई, जिससे अधिकारियों के बीच सतर्कता बढ़ गई। रिफाइनरी परिसर में अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। बताया गया कि घटना स्थल कार्यक्रम स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित है।
आग बुझाने के लिए करीब 20 दमकल वाहनों को मौके पर तैनात किया गया। रिफाइनरी के कर्मचारियों और आपातकालीन टीमों ने मिलकर इनबिल्ट सिस्टम की मदद से आग पर नियंत्रण पाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लगातार प्रयासों के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस घटना को मामूली बताया और कहा कि समय रहते आग को बुझा लिया गया। यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उद्घाटन तैयारियों की समीक्षा के लिए वहां आने वाले थे।
हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है। यह रिफाइनरी परियोजना भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में विकसित इस परियोजना में 79,450 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया गया है। लगभग 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाली यह परियोजना देश के प्रमुख ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट्स में शामिल है और इसे अत्याधुनिक तकनीक के साथ विकसित किया गया है।



