अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय चीज़ की धाक, Mundial do Queijo do Brasil 2026 में चार पदक

ब्राजील में आयोजित Mundial do Queijo do Brasil 2026 प्रतियोगिता में भारतीय चीज़ उत्पादों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
यह प्रतियोगिता चीज और डेयरी उत्पादों के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसमें भारत के चार उत्पादों को सम्मान मिला, जिसमें एक सुपर गोल्ड, दो गोल्ड और एक सिल्वर पदक शामिल हैं, जो देश के लिए गौरव की बात है।
प्रधानमंत्री मोदी ने विजेता उत्पादों का विवरण साझा करते हुए बताया कि Eleftheria Gulmarg (Brie Style) को सुपर गोल्ड मिला। Yak Churpi-Soft (Nordic Farm, Leh, Ladakh) और Eleftheria Brunost (Whey Cheese) को गोल्ड पदक से सम्मानित किया गया। वहीं, Eleftheria Kaali Miri (Belper Knolle Style) को सिल्वर पदक प्राप्त हुआ।
उन्होंने इस सफलता में योगदान देने वाले लोगों की सराहना करते हुए मौसम नारंग और थेनले नुरबू को विशेष रूप से बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय कारीगरी वाले डेयरी क्षेत्र की वैश्विक पहचान को मजबूत करती है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का चीज अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में भारत की उपलब्धि देश के डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और क्षमता को दर्शाती है।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की सफलताएं न केवल भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाती हैं, बल्कि देश के डेयरी क्षेत्र को भी नई दिशा और मजबूती प्रदान करती हैं।



