आईपीएल 2026: राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ को 40 रन से हराया, जडेजा बने मैच के नायक

राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स को 40 रन से पराजित कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए, जबकि लखनऊ की टीम 119 रन पर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। मिचेल मार्श ने 55 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन अन्य बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। ऋषभ पंत, आयुष बडोनी और ऐडन मार्करम बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।
राजस्थान के गेंदबाजों ने सटीक प्रदर्शन किया। जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट लेकर लखनऊ की बल्लेबाजी को झटका दिया, जबकि रवींद्र जडेजा ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया। उन्होंने नाबाद 43 रन बनाए और निकोलस पूरन को आउट कर मैच पर पकड़ मजबूत की। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
राजस्थान की पारी की शुरुआत भी कमजोर रही थी और टीम ने शुरुआती ओवरों में चार विकेट गंवा दिए थे। वैभव सूर्यवंशी 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जडेजा ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को 159 रन तक पहुंचाया।
लखनऊ के गेंदबाजों में मोहम्मद शमी, मोहसिन खान और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन बल्लेबाजी में टीम अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी।
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स 10 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं लखनऊ सुपर जाएंट्स 9वें स्थान पर बनी हुई है। पंजाब किंग्स 11 अंकों के साथ शीर्ष पर कायम है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी और मयंक यादव। इम्पैक्ट प्लेयर– हिम्मत सिंह।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा। इम्पैक्ट प्लेयर– शुभम दुबे।



