मौसम अपडेट :

भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, कई राज्यों में हीटवेव की चेतावनी; स्कूलों और कामकाज पर असर

देश के विभिन्न हिस्सों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जिससे आम जीवन प्रभावित हो रहा है।

ओडिशा के झारसुगुड़ा में बुधवार को 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। हीटवेव की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने दोपहर के समय जनगणना कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया है। फील्ड स्टाफ को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक काम नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बौध और मयूरभंज जिलों में 23 अप्रैल तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

राजधानी दिल्ली में भी छात्रों को गर्मी से बचाने के लिए स्कूलों में ‘वॉटर बेल सिस्टम’ लागू किया जा रहा है। इसके तहत नियमित अंतराल पर घंटी बजाकर छात्रों को पानी पीने की सलाह दी जाएगी, जिससे डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले चार से पांच दिनों तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 और 25 अप्रैल को गर्मी का असर अधिक रहेगा।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 25 अप्रैल और मध्य प्रदेश में 26 अप्रैल तक हीटवेव की स्थिति रहने की संभावना है। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में 24 से 27 अप्रैल के बीच तथा पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में 23 अप्रैल को गर्मी का प्रभाव तेज रहने की आशंका जताई गई है। कुछ राज्यों में रात के समय भी तापमान ऊंचा बना रह सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 अप्रैल को गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

25 अप्रैल को भी कई राज्यों में हीटवेव जारी रहने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की जरूरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button