आईपीएल 2026 : वानखेड़े में MI-सीएसके आमने-सामने, प्लेइंग इलेवन और फॉर्म पर टिकी नजर

आईपीएल के तहत गुरुवार को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। दोनों टीमें इस मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन की तलाश में उतरेंगी।
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के इस मैच में वापसी की संभावना है, क्योंकि वह इस सीजन के शुरुआती 6 मैचों में नहीं खेले हैं। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा भी चोट से उबरकर टीम में शामिल हो सकते हैं, उन्होंने पिछले दो मुकाबले नहीं खेले थे।
इस सीजन दोनों टीमों का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। मुंबई और चेन्नई ने 6 में से केवल 2 मैच जीते हैं और 4-4 मुकाबलों में हार झेली है। अंक तालिका में बेहतर नेट रनरेट के कारण मुंबई सातवें स्थान पर है, जबकि चेन्नई आठवें स्थान पर बनी हुई है।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 41 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मुंबई इंडियंस ने 22 और चेन्नई सुपर किंग्स ने 19 मैच जीते हैं। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए 13 मैचों में मुंबई ने 8 और चेन्नई ने 5 मुकाबले अपने नाम किए हैं। हालांकि हाल के मुकाबलों में चेन्नई का पलड़ा भारी रहा है, क्योंकि 2023 के बाद से खेले गए पांच मैचों में मुंबई को सिर्फ एक जीत मिली है।
मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी में तिलक वर्मा ने इस सीजन 6 मैचों में 144 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक शामिल है। उनका स्ट्राइक रेट 187.01 रहा है। गेंदबाजी में शार्दूल ठाकुर ने 5 मैचों में 6 विकेट लिए हैं और अहम मौकों पर सफलता दिलाई है, भले ही उनकी इकॉनमी 13.57 रही हो।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए संजू सैमसन ने 6 मैचों में 192 रन बनाए हैं और एक शतक भी लगाया है। उन्होंने 174.54 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने 6 मैचों में 13 विकेट लेकर टीम की गेंदबाजी को मजबूती दी है।
वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, जहां बड़े स्कोर आम बात है। हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को कुछ सहायता मिलती है। इस मैदान पर अब तक 126 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें 58 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 68 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है।
इस सीजन यहां खेले गए तीन मैचों में से दो में 200 से अधिक रन बने हैं। मुंबई इंडियंस को अपने घरेलू मैदान पर एक जीत मिली है, जबकि उसे दो मैचों में हार झेलनी पड़ी है।
मौसम के लिहाज से मुंबई में गुरुवार को तेज गर्मी और धूप रहने का अनुमान है। दोपहर के समय हल्की हवा चल सकती है, लेकिन गर्मी बनी रहेगी। बारिश की संभावना नहीं है और तापमान 39 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।



