चुनावी दौरे के बीच पीएम मोदी ने कोलकाता में हुगली तट पर बिताया समय, लोगों से की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुगली नदी के किनारे समय बिताया। चुनाव प्रचार के बीच हुए इस दौरे में उन्होंने मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा का हर बंगाली के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने लिखा कि यह नदी बंगाल की आत्मा का अभिन्न हिस्सा है और इसका पवित्र जल एक संपूर्ण सभ्यता की निरंतर भावना को अपने भीतर समेटे हुए है। उन्होंने बताया कि सुबह के समय उन्होंने हुगली तट पर रहकर मां गंगा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने नाव चलाने वाले लोगों से बातचीत की और उनके मेहनती स्वभाव की सराहना की। साथ ही उन्होंने वहां मौजूद मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर उन्होंने राज्य के विकास और बंगाल के लोगों की समृद्धि के लिए अपने संकल्प को दोहराया।
हुगली नदी के किनारे भ्रमण करते समय प्रधानमंत्री ने हाथ में कैमरा लेकर कुछ तस्वीरें भी लीं। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनसे बातचीत की। उनकी उपस्थिति से तट पर मौजूद लोगों में उत्साह देखा गया।
प्रधानमंत्री ने अपने एक अन्य संदेश में बताया कि उन्हें विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज को नजदीक से देखने का अवसर मिला। उन्होंने इन स्थलों के दृश्य का अनुभव साझा करते हुए नदी के आसपास के माहौल को सराहा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री शुक्रवार को दमदम और जादवपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वह सुबह करीब 11:30 बजे दमदम में रैली करेंगे, जिसके बाद दोपहर 1 बजे जादवपुर में उनकी दूसरी सभा आयोजित होगी।



