सर्राफा बाजार में उछाल: सोना 1.51 लाख के पार, चांदी की कीमतों में भी 3 हजार रुपये से ज्यादा की भारी तेजी

घरेलू सर्राफा बाजार में आज यानी 24 अप्रैल को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त बढ़त दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत में प्रति 10 ग्राम 420 रुपये का इजाफा हुआ है, जिसके बाद यह 1,51,479 रुपये पर बंद हुआ। बीते कल यानी 23 अप्रैल को सोने का भाव 1,51,059 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
चांदी की बात करें तो आज इसमें बड़ी छलांग देखने को मिली है। एक किलो चांदी की कीमत 3,229 रुपये चढ़कर 2,40,596 रुपये पर पहुंच गई है। गौरतलब है कि इस साल यानी 2026 में अब तक सोने की कीमतों में कुल 18,000 रुपये की वृद्धि दर्ज की जा चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को सोना 1.33 लाख रुपये पर था, जो अब 1.51 लाख रुपये के स्तर को छू चुका है। वहीं चांदी भी इस साल अब तक 10,000 रुपये महंगी हो चुकी है।



