भीषण गर्मी का असर बढ़ा, 41.7 डिग्री पहुंचा पारा; जबलपुर सहित कई जिलों में स्कूल बंद

मध्यप्रदेश में गर्मी के तेवर और अधिक तीखे हो गए हैं। शुक्रवार को बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। राजधानी में तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और रात में भी गर्मी का असर बना रहा। हालांकि मौसम विभाग ने लू घोषित नहीं की है, लेकिन हालात लू जैसे महसूस हो रहे हैं।

गर्म हवाओं की तीव्रता इस बार अधिक रही और हवाओं में तेज गर्माहट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लू की स्थिति बनने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के लिए एहतियाती निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जबलपुर, दमोह और रतलाम जिलों में नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षाओं के लिए 30 अप्रैल तक छुट्टी रहेगी। पन्ना जिले में छठी से आठवीं तक 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया गया है, जबकि नर्सरी से पांचवीं तक पहले से अवकाश लागू है।

शिक्षा विभाग ने मौसम विभाग के अलर्ट के बाद स्कूलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि खुले में होने वाली असेंबली को सीमित किया जाए या छाया वाले स्थानों पर आयोजित किया जाए। साथ ही, किसी भी स्थिति में खुले स्थानों पर कक्षाएं न लगाई जाएं।

छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ‘वॉटर बेल सिस्टम’ लागू करने पर भी जोर दिया गया है। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि छात्रों को नियमित रूप से पानी पीने के लिए प्रेरित किया जाए और हर 45 से 60 मिनट में घंटी बजाकर उन्हें इसकी याद दिलाई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button