इंदौर के कार शोरूम में हुई 2.50 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा, पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी कर्मचारी को दबोचा
मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी कामयाबी मिली है। लसूड़िया थाना पुलिस ने शहर के एक प्रतिष्ठित कार शोरूम में हुई करीब ढाई करोड़ रुपये की बड़ी चोरी का महज दो दिनों (48 घंटे) के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है।
यह मामला 17 जून को तब सामने आया जब इंदौर के पटेल मोटर्स मारुति कार शोरूम के ऑपरेशन मैनेजर सुरेंद्र चौधरी ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया था कि शोरूम के केबिन से अज्ञात बदमाश ने एप्पल आईफोन, सोने के जेवरात और चांदी के सिक्के पार कर दिए हैं। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम तैयार की गई। जांच टीम ने शोरूम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से अध्ययन किया। साक्ष्यों और संदेह के आधार पर पुलिस ने शोरूम के ही एक कर्मचारी, 19 वर्षीय लक्की बोरासी को हिरासत में लिया, जो इंदौर के बड़ी ग्वालटोली का रहने वाला है।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी लक्की ने पुलिस को बताया कि वह शोरूम में साफ-सफाई का काम करता था, जिसके कारण उसे वहां की सुरक्षा व्यवस्था और हर गतिविधि की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने पहले एक आईफोन चुराया और फिर मौका मिलते ही शोरूम मालिक के केबिन में रखे लॉकर से मंदिर का सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट और अन्य कीमती सामान उड़ा दिया।
सफलतापूर्वक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के पास से शत-प्रतिशत चोरी गई संपत्ति बरामद कर ली है। बरामद सामान में लगभग 1 किलो 426 ग्राम वजन का सोने का छत्र, हीरे लगा मुकुट, 12 चांदी के सिक्के, एक एप्पल आईफोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल शामिल है, जिसकी कुल कीमत करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपनी महंगी आदतों और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने की चाहत में इस चोरी को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता के बारे में पूछताछ कर रही है। मध्य प्रदेश पुलिस के अनुसार, यह त्वरित कार्रवाई अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करती है, तथा प्रदेश में चोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


