कालापीपल को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ₹30.84 करोड़ से अधिक की योजनाओं की रखी आधारशिला और किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को कालापीपल में आयोजित एक भव्य विकास सम्मेलन में शिरकत की, जहां उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी और सामाजिक ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए कुल 30 करोड़ 84 लाख 92 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ₹1.45 करोड़ के कार्यों का भूमि पूजन करने के साथ ही ₹29.39 करोड़ से अधिक की पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिससे स्थानीय स्तर पर सुविधाओं का विस्तार होगा।
लोकार्पण समारोह के तहत मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके अंतर्गत कुमेर, कोलबा, मोहम्मदपुर मछनई, कमालपुर, कांकरिया और गणेशपुर नामक छह ग्राम पंचायतों में 2 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बने अटल पंचायत भवनों को जनता के लिए खोला गया। इसके अलावा, नांदनी में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन और ग्राम खरदौनकलां (ब्लॉक कालापीपल) में 2 करोड़ 95 लाख 45 हजार रुपये की लागत वाले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, जी-01 व 01 एच टाइप आवासीय गृहों का लोकार्पण किया गया। इसी क्षेत्र में 2 करोड़ 95 लाख 45 हजार रुपये के एक अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खेजड़िया में 2 करोड़ 31 लाख 17 हजार रुपये की लागत से बने स्टॉप डैम सह कॉजवे (बैराज) तथा वार्ड क्रमांक 03 में 9 लाख 16 हजार रुपये की लागत वाले आंगनवाड़ी भवन का उद्घाटन भी संपन्न हुआ।
यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए दो प्रमुख पुल परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया गया। इसमें शुजालपुर-आष्टा मार्ग से अवंतिपुर बड़ोदिया मार्ग पर 6 करोड़ 89 लाख 08 हजार रुपये की लागत से बना पुल (चैनेज क्रमांक 5900 मीटर) और भैंसायागढ़ा से पिपल्या नगर मार्ग पर 11 करोड़ 69 लाख 61 हजार रुपये की लागत से तैयार पुल (चैनेज क्रमांक 18700 मीटर) शामिल हैं।
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा 1 करोड़ 45 लाख रुपये के नवीन कार्यों का भूमि पूजन भी किया गया। शिक्षा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ग्राम भैंसायागढ़ा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में 1 करोड़ 7 लाख 31 हजार रुपये की लागत से 5 अतिरिक्त कमरों और जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान व भौतिक विज्ञान की प्रयोगशालाओं के निर्माण की आधारशिला रखी गई। इसके साथ ही नगरीय विकास के लिए वार्ड क्रमांक 07 में 9 लाख 22 हजार रुपये व वार्ड क्रमांक 01 में 17 लाख 52 हजार रुपये के टीन शेड तथा वार्ड क्रमांक 04 में 11 लाख 51 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सी.सी. रोड के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, नगर परिषद कालापीपल के अध्यक्ष श्री जयप्रकाश अग्रवाल, शुजालपुर नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती बबीता परमार, ऊर्जा विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री विजेंद्र सिंह सिसोदिया और पूर्व विधायक श्री जसवंत सिंह हाड़ा उपस्थित थे। साथ ही संत श्री गोविंद जाने, कथावाचक रामस्वरूप मनावर, महामंडलेश्वर कल्याणदास जी महाराज, श्री अम्बाराम कराड़ा, श्री अशोक नायक, श्री श्याम टेलर, श्री विजय बैस सहित संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्ता, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला सहित भारी संख्या में आम जनता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सम्मेलन से पूर्व, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालापीपल की सड़कों पर एक विशाल रोड शो किया। यह रोड शो नायरा पेट्रोल पंप से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होता हुआ सभा स्थल तक पहुंचा, जहां पूरे रास्ते में नागरिकों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। नगर के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जगह-जगह मंच लगाकर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से साफा पहनाकर, फूलों के हार और गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया। बैंड-बाजों की धुनों और जयकारों के बीच जनता ने मुख्यमंत्री का अत्यंत गर्मजोशी से अभिनंदन किया।


