शेयर बाज़ार अपडेट :

वैश्विक तनाव का असर: शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत, सेंसेक्स 472 और निफ्टी 122 अंक टूटा
मध्य पूर्व में बने युद्ध के हालात के चलते हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली का माहौल देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत में सुबह 9:15 बजे सेंसेक्स 472 अंक (0.62%) की गिरावट के साथ 77,672 के स्तर पर आ गया। वहीं, निफ्टी भी 122 अंक (0.50%) फिसलकर 24,221 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया।
शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार की इस गिरावट की अगुवाई वित्तीय क्षेत्र के शेयरों ने की। निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में सबसे ज्यादा बिकवाली दर्ज की गई। इसके अलावा ऑटो, रियल्टी, एफएमसीजी, सर्विसेज, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और इंडिया डिफेंस जैसे सेक्टर भी दबाव में रहे और लाल निशान में कारोबार करते दिखे।
हालांकि, बाजार की इस गिरावट के बीच सरकारी बैंकों, फार्मा और ऊर्जा से जुड़े शेयरों ने बाजार को सहारा देने का प्रयास किया। निफ्टी पीएसयू बैंक, फार्मा, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस, कमोडिटीज, एनर्जी और इंफ्रा सेक्टर हरे निशान में बने रहे। स्मॉलकैप और मिडकैप सेगमेंट में ज्यादा हलचल देखने को नहीं मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 62,424 पर सपाट रहा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 10 अंक टूटकर 19,287 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक, ट्रेंट, टाटा स्टील, सन फार्मा, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और एलएंडटी बढ़त बनाने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल रहे। इसके विपरीत एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, इटरनल, एमएंडएम, एचयूएल, टीसीएल, बीईएल और बजाज फिनसर्व के शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा।
घरेलू बाजार में इस सुस्ती का सीधा संबंध मध्य पूर्व के घटनाक्रमों से है। अमेरिका की ओर से ईरान पर किए जा रहे हमलों के कारण हॉर्मुज स्ट्रैट के समुद्री व्यापार मार्ग को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। यह मार्ग दुनिया के कुल तेल निर्यात के 20 प्रतिशत हिस्से की आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यूएस सेंट्रल कमांड ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि व्यापारिक जहाजों पर हमले करने की ईरानी सैन्य क्षमता को कमजोर करने के लिए यह नई सैन्य कार्रवाई की गई है। वहीं दूसरी तरफ, ईरान के स्थानीय मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिका ने मिसाइलों से उसके कई शहरों को निशाना बनाया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले-जुले संकेत देखने को मिले। एशियाई क्षेत्र में शंघाई, हांगकांग और जकार्ता के शेयर बाजार बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि बैंकॉक और सियोल में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी बाजार भी लाल निशान में बंद हुए थे, जहां मुख्य सूचकांक डाउ जोन्स में 0.77 प्रतिशत और नैस्डैक में 1.40 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई थी।



