केंद्रीय कैबिनेट के फैसलों पर सीएम मोहन यादव ने जताई खुशी, पीएम मोदी का जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में खेल और कृषि क्षेत्र से जुड़े कई दूरगामी फैसलों पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा युवा खिलाड़ियों और किसानों के हित में उठाए गए इन कदमों का सीधा लाभ मध्य प्रदेश सहित देश के सभी राज्यों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्र सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है, जिसके तहत लगातार जनहितैषी निर्णय लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक की अवधि के लिए 36 हजार 441 करोड़ रुपये के संयुक्त बजट के साथ संशोधित ‘खेलो इंडिया’ योजना और राष्ट्रीय खेल संघों को बढ़ी हुई वित्तीय सहायता को अपनी मंजूरी दी है।
खेल क्षेत्र से जुड़े फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नीतिगत निर्णय से देश में नई खेल प्रतिभाओं की पहचान करने, उन्हें उत्कृष्ट प्रशिक्षण देने और एक मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम का निर्माण करने में मदद मिलेगी। इससे अंतरराष्ट्रीय मंचों जैसे ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की तैयारियों को एक नई दिशा और रफ्तार मिलेगी, जिससे भारतीय एथलीटों का उत्साहवर्धन होगा।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों के कल्याण के लिए केंद्रीय कैबिनेट द्वारा लिए गए निर्णय को भी बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि 3.15 लाख करोड़ रुपये के कुल वित्तीय व्यय के साथ ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ को आगामी वर्ष 2026–27 से 2030–31 तक निरंतर जारी रखने की मंजूरी दी गई है, जो देश के कृषि क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि किसान सम्मान निधि का यह विस्तार अन्नदाताओं के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेगा। इस दूरदर्शी कदम के लिए उन्होंने राज्य की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।



