भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ की नेपाल यात्रा शुरू, मानद उपाधि से होंगे सम्मानित

भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 17 से 19 अगस्त तक चलने वाली अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा के सिलसिले में नेपाल पहुंचे हैं।

रविवार को राजधानी काठमांडू पहुंचे थल सेना प्रमुख ने सोमवार सुबह नेपाली सेना मुख्यालय में औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण किया। इस अवसर पर नेपाली सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। इससे पहले जनरल सेठ ने सोल्जर प्लेटफॉर्म स्थित शहीद स्मारक जाकर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

इस यात्रा के दौरान नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना प्रमुख की मानद उपाधि से नवाजा जाएगा। उल्लेखनीय है कि भारत और नेपाल के बीच एक-दूसरे के सेना प्रमुखों को मानद पदवी प्रदान करने की ऐतिहासिक और विशिष्ट परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।

जनरल धीरज सेठ यह यात्रा नेपाली सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल के निमंत्रण पर पांच सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ कर रहे हैं। उनके साथ आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष कोमल सेठ भी इस दौरे पर हैं। वार्ता के दौरान दोनों देशों के शीर्ष सैन्य नेतृत्व के मध्य संयुक्त सैन्य अभ्यास, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, मानवीय सहायता तथा आपदा राहत से जुड़े साझा रक्षा हितों पर विचार-विमर्श होगा।

गहरे सामाजिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों से जुड़े दोनों पड़ोसी देशों के लिए यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बदलती क्षेत्रीय सुरक्षा परिस्थितियों के बीच आयोजित यह उच्चस्तरीय संवाद दोनों सेनाओं के मध्य आपसी समझ, विश्वास और भविष्य के सैन्य सहयोग को और मजबूत करने का आधार बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button